इस्लाम और साम्यवाद
Islam And Communism
"जैसा कि हम पहले ही निवेदन कर चुके हैं, इस्लाम जीवन की हर अच्छी, स्वस्थ और वांछनीय चीज़ का प्रतीक है। यह हर युग, हर पीढ़ी और हर समाज के लिए धर्म है, लेकिन चूँकि पिछली चार शताब्दियों के दौरान इस्लामी दुनिया निरंतर पतन की स्थिति में रही है, इसलिए इस्लामी क़ानून का वह भाग जो आर्थिक समस्याओं से संबंधित है, जड़ बना रहा। तो फिर हम क्यों न इस्लाम को अपनी आत्मा को संवारने और विचारों को शुद्ध करने वाले मत के रूप में अपनाएँ और अपनी आर्थिक समस्याओं को हल करने के लिए साम्यवाद को आर्थिक व्यवस्था के रूप में स्वीकार कर लें, क्योंकि इससे हमारे सामाजिक ढाँचे या उसके किसी भी पहलू पर कोई असर नहीं पड़ेगा? इस तरह हम न केवल अपने नैतिक मूल्यों, सामाजिक परंपराओं और रीति-रिवाजों की रक्षा कर सकेंगे, बल्कि साथ ही अपनी आर्थिक समस्याओं के समाधान के लिए आज की सबसे आधुनिक आर्थिक व्यवस्थाओं में से एक भी पा लेंगे।" ऊपर दिया गया तर्क साम्यवादियों के उस शैतानी खेल का हिस्सा है जिसे वे लंबे समय से खेल रहे हैं। शुरुआत में उन्होंने पूर्व में इस्लाम के प्रति आक्रामक रवैया अपनाया और उसके बारे में तरह-तरह के संदेह फैलाए। लेकिन जब उन्होंने पाया कि इससे मुसलमानों का इस्लाम से लगाव और बढ़ गया है, तो उन्होंने अपनी रणनीति बदल दी और छल और धोखे का सहारा लिया। इस तरह उन्होंने यह तर्क दिया: "साम्यवाद इस्लाम में बिल्कुल हस्तक्षेप नहीं करता, क्योंकि यह मूल रूप से सामाजिक न्याय का ही दूसरा नाम है और यह राज्य की उस ज़िम्मेदारी का प्रतीक है कि वह अपने नागरिकों को जीवन की बुनियादी ज़रूरतें उपलब्ध कराए। क्या आप यह कहना चाहते हैं कि इस्लाम सामाजिक न्याय के विरुद्ध है, यह आरोप लगाकर कि वह साम्यवाद के विरुद्ध है? निश्चित रूप से इस्लाम ऐसी व्यवस्था का विरोध नहीं कर सकता जो सामाजिक न्याय पर आधारित हो।"